Haryana Vision 2047 के तहत हरियाणा में ऐतिहासिक स्थलों का नया कॉरिडोर बनेगा। 2031 तक 120 से अधिक स्मारकों के संरक्षण और 21 नए पुरातात्विक स्थलों पर खुदाई की योजना।
हरियाणा ( DESK ) 23 OCT 26| हरियाणा की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान देने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश में ऐतिहासिक स्थलों को जोड़कर एक नया कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इसके जरिए लोगों को स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थानों, प्राचीन सभ्यताओं और ऐतिहासिक इमारतों के बारे में जानकारी देने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विजन-2047 के तहत पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की पांच वर्षीय कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इस दिशा में काम करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वर्तमान में मौजूद 72 संरक्षित स्मारकों की संख्या को वर्ष 2031 तक बढ़ाकर 120 से अधिक करने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत ऐतिहासिक किलों, प्राचीन बावड़ियों, मंदिरों, हवेलियों, पुराने पुलों और ब्रिटिश काल की इमारतों की पहचान कर उनका दस्तावेजीकरण और वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण किया जाएगा। सरकार की योजना है कि ऐतिहासिक धरोहर केवल पुरानी इमारतों तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें इस तरह विकसित किया जाए कि आम लोग भी प्रदेश के इतिहास से जुड़ सकें। हरियाणा की प्राचीन सभ्यता से जुड़े नए प्रमाण तलाशने के लिए 21 नए स्थलों पर पुरातात्विक खुदाई करने की योजना तैयार की गई है। विभाग के अनुसार, वर्ष 1972 से 2025 के बीच प्रदेश में नौ स्थलों पर खुदाई की गई थी। अब पहले चरण में वर्ष 2026-27 के दौरान हिसार जिले के सीसवाल में खुदाई की योजना है। इसके बाद खरड़ अलीपुर में दो चरणों में काम किया जाएगा। वर्ष 2029 से 2031 के बीच बालू, जोगना खेड़ा, तिगड़ाना और राखीगढ़ी में से पुरातात्विक प्राथमिकता के आधार पर स्थलों का चयन किया जाएगा।.
इस योजना का उद्देश्य हरियाणा की प्राचीन सभ्यताओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े साक्ष्यों को तलाशना, सुरक्षित रखना और शोध के माध्यम से लोगों तक पहुंचाना है। योजना में राखीगढ़ी को प्रमुख पुरातात्विक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ सरस्वती-सिंधु सभ्यता विरासत कॉरिडोर की अवधारणा पर भी काम किया जाएगा। प्रस्तावित कॉरिडोर में राखीगढ़ी, भरड़ाना, तिगड़ाना, बनावली, कुनाल, बालू, भगवानपुरा और खरड़ अलीपुर जैसे स्थलों को जोड़ने की योजना है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र, अग्रोहा, थानेसर और पिंजौर की ऐतिहासिक पहचान को भी प्रमुखता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री का मानना है कि ऐतिहासिक स्थलों को एक साथ जोड़ने से लोगों को हरियाणा के इतिहास को समझने का बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही, इन स्थानों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय कारोबार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
हरियाणा सरकार की कार्ययोजना में पुराने संग्रहालयों को आधुनिक बनाने और नए संग्रहालय विकसित करने का प्रस्ताव भी शामिल है। पानीपत संग्रहालय, हिसार की जहाज कोठी संग्रहालय, गढ़ी सांपला स्थित दीनबंधु सर छोटू राम संग्रहालय, जींद का जयंती देवी संग्रहालय, पिंजौर का भीमा देवी मंदिर संग्रहालय और कपाल मोचन स्थित गुरु गोबिंद सिंह मार्शल आर्ट संग्रहालय का नवीनीकरण किया जाएगा।
इसके अलावा पंचकूला में राज्य संग्रहालय, राखीगढ़ी संग्रहालय, कुरुक्षेत्र में सिख एवं रविदास संग्रहालय, झज्जर में स्वामी ओमानंद संग्रहालय और कुनाल में संग्रहालय सहित छह नए संग्रहालय विकसित करने की योजना बताई गई है। मुख्यमंत्री ने शहजादपुर के ऐतिहासिक स्थल और नारायणगढ़ थाने के रेस्ट हाउस को भी संरक्षण संबंधी कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं इस पहल के जरिए आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों की कहानियों से परिचित कराने का लक्ष्य रखा गया है।
सरकार की योजना केवल स्मारकों और संग्रहालयों के विकास तक सीमित नहीं है। विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए राखीगढ़ी महोत्सव, हेरिटेज वॉक, संग्रहालय भ्रमण, मेले और सांस्कृतिक उत्सव आयोजित करने पर भी जोर दिया गया है। स्कूलों में हेरिटेज किट बांटने और बच्चों को ऐतिहासिक स्थलों के बारे में जानकारी देने जैसी गतिविधियां भी कार्ययोजना का हिस्सा हैं। हरियाणा विजन-2047 के तहत तैयार की गई यह पांच वर्षीय योजना प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, शोध और पर्यटन को एक साथ आगे बढ़ाने की दिशा में अहम पहल मानी जा रही है। हालांकि, कॉरिडोर, खुदाई और संग्रहालयों से जुड़े प्रस्तावों को जमीन पर उतारने के लिए आगे विस्तृत योजना, मंजूरी और चरणबद्ध क्रियान्वयन जरूरी होगा।

