इनेलो ने हरियाणा के 23 जिलों में प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। पार्टी हर 10 बूथों पर एक जोन अध्यक्ष बनाकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेगी। जानिए पलवल समेत सभी जिलों की जिम्मेदारी किसे मिली।
चंडीगढ़ (DESK) 13 नवंबर 2026: हरियाणा की राजनीति में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पार्टी अब केवल जिला और हलका स्तर तक संगठन को सीमित रखने के बजाय सीधे बूथों तक अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। इसके लिए पार्टी ने हर 10 बूथों पर एक जोन अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला लिया है। इस पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश के सभी 23 जिलों में जिला प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श के बाद इन नियुक्तियों की घोषणा की। जिम्मेदारी संभालने वाले नेता अपने-अपने जिलों में संगठनात्मक प्रक्रिया पूरी करवाएंगे और जोन अध्यक्षों के चयन की निगरानी करेंगे।
पार्टी की ओर से पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. सम्पत सिंह को सिरसा, फतेहाबाद और हिसार की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा जींद, कैथल, सोनीपत और हांसी में संगठनात्मक प्रक्रिया की देखरेख करेंगे। पूर्व विधायक शेर सिंह बडशामी को अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला का प्रभारी बनाया गया है, जबकि पूर्व विधायक एवं पीएसी अध्यक्ष वासूदेव शर्मा को भिवानी और चरखी दादरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह विधायक आदित्य देवीलाल को गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल का प्रभारी नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती रोहतक और झज्जर की जिम्मेदारी संभालेंगे। पूर्व विधायक भरत सिंह छोकर को पानीपत, पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा को महेंद्रगढ़, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला को करनाल और कुरुक्षेत्र तथा युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण चौटाला को मेवात की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पूर्व विधायक रणबीर सिंह मंदोला रेवाड़ी जिले में संगठनात्मक प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
इस नियुक्ति में पलवल जिले को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने विधायक आदित्य देवीलाल को गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल का जिला प्रभारी बनाया है। वहीं, पलवल में अजीत बॉबी को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। फरीदाबाद की जिम्मेदारी देवेंद्र चौहान और गुरुग्राम की जिम्मेदारी प्रताप सिंह को सह-प्रभारी के रूप में सौंपी गई है। मेवात में आनंद श्योराण को सह-प्रभारी बनाया गया है। इस तरह दक्षिण हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में संगठन को मजबूत करने के लिए अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
सह-प्रभारियों की नियुक्ति में झज्जर के लिए विधायक आदित्य चौटाला, रोहतक के लिए विधायक अर्जुन चौटाला, सोनीपत के लिए पूर्व विधायक रामफल कुंडू और पानीपत के लिए प्रो. धर्मेंद्र ढुल को जिम्मेदारी मिली है। कुरुक्षेत्र में प्रेम चंद गुज्जर, करनाल में सुरजीत संधू, यमुनानगर में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह, अंबाला में शीशपाल जंधेड़ी और पंचकूला में संदीप गोयत सह-प्रभारी होंगे। जींद में इंद्र सिंह ढुल और सुमित्रा देवी को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सिरसा और हांसी के लिए उमेद लोहान सह-प्रभारी होंगे। फतेहाबाद में पूर्व विधायक डॉ. सीताराम, हिसार में गौरव सम्पत सिंह, भिवानी में विजय पंचगामा और चरखी दादरी में पूर्व विधायक ओमप्रकाश गोरा को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा महेंद्रगढ़ में जसबीर ढिल्लो, रेवाड़ी में नरेंद्र वर्मा और कैथल में प्रदीप गिल को सह-प्रभारी बनाया गया है।
इनेलो की इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन को गांव, वार्ड और मतदान केंद्र तक सक्रिय करना है। हर 10 बूथों पर एक जोन अध्यक्ष नियुक्त होने से पार्टी को स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और जनता के मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलने की उम्मीद है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मजबूत बूथ संगठन के जरिए जननायक चौधरी देवीलाल की विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रदेश के हर गांव और घर तक पहुंचाया जा सकेगा। अब देखना होगा कि जिला प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति के बाद इनेलो कितनी तेजी से जोन अध्यक्षों का चयन पूरा करती है और बूथ स्तर पर संगठन को कितना मजबूत बना पाती है।

