हरियाणा के झज्जर में पुलिस एनकाउंटर में 3 हत्याओं का आरोपी संजय मारा गया। आरोपी साले की हत्या की योजना बना रहा था, पुलिस ने कड़ौदा के पास ढेर किया।
Jhajjar 20 June 2026 | हरियाणा के झज्जर जिले में शुक्रवार देर रात पुलिस और कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में बिरधाना गांव निवासी 26 वर्षीय संजय को पुलिस ने मार गिराया। आरोपी कई हत्या मामलों में वांछित था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, कड़ौदा गांव के पास हुई इस मुठभेड़ में संजय ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान एक सब-इंस्पेक्टर घायल हुआ, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट के चलते सुरक्षित बच गए।
संजय पर हत्या, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित 7 से ज्यादा मामले दर्ज थे। पुलिस का कहना है कि वह एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहा था और उसके पास संभावित टारगेट्स की एक हिट लिस्ट भी थी।
करीब 20 दिन पहले उसने विजय सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे पहले वह अपनी पत्नी की हत्या के मामले में भी आरोपी था। होली के दिन उसने अपनी पत्नी को घर के बाहर बुलाकर सरेआम गोलियों से भून दिया था।पत्नी की हत्या के बाद संजय ने उस केस के गवाह को भी निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार, उसने अपने साथियों के साथ मिलकर खेत में काम कर रहे व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी।

इस पूरे मामले में 14 जून को पुलिस ने संजय के करीबी साथी इंद्रपाल को भी एनकाउंटर में मार गिराया था। दोनों मिलकर आगे की वारदातों की साजिश रच रहे थे।पुलिस को लंबे समय तक संजय की लोकेशन नहीं मिल रही थी। लेकिन जांच के दौरान इंद्रपाल की गर्लफ्रेंड से पूछताछ में अहम जानकारी हाथ लगी। इसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई।
जांच में सामने आया कि संजय का अगला टारगेट उसका साला था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह कड़ौदा इलाके में किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहा है। इसी इनपुट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी की और मुठभेड़ हो गई।संजय एक सामान्य किसान परिवार से ताल्लुक रखता था। परिवार में कोई आपराधिक बैकग्राउंड नहीं था, लेकिन 2021 में एक छोटे विवाद के बाद उसने अपराध की राह पकड़ ली और धीरे-धीरे कुख्यात बदमाश बन गया।
झज्जर पुलिस के लिए यह एनकाउंटर बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। आरोपी लगातार वारदातों को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला रहा था और पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
