पलवल के KCM वर्ल्ड स्कूल में ‘राष्ट्ररास—स्वतंत्रता और आस्था का उत्सव’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविता, भाषण, नृत्य और तिरंगा चित्रकला से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
पलवल (SHOYAB)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर KCM वर्ल्ड स्कूल, पलवल में ‘राष्ट्ररास—स्वतंत्रता और आस्था का उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पारुल भारद्वाज द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्रशंसा-चिह्न भेंट कर प्रधानाचार्या का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में विचार-वाचन, दिन का शब्द, देशभक्ति गीत, हिंदी कविता, हिंदी और अंग्रेजी भाषण, नृत्य तथा स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं।
विद्यार्थियों ने संभाली कार्यक्रम की कमान
कार्यक्रम का संचालन कक्षा छठी की अदिति और वंदना ने किया। इसी कक्षा की मुदिता ने भाषण के माध्यम से स्वतंत्रता के महत्व और देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। वहीं भुवि मंगला ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम के माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। वहीं भुवि मंगला ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम के माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में छोटे विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया, जबकि KG-1 के बच्चों ने ‘दिल है हिंदुस्तानी’ गीत पर नृत्य किया। KG-2 के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित वेशभूषा प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति के जरिए बच्चों ने देश के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय प्रतीकों को आकर्षक अंदाज में सामने रखा।
कक्षा द्वितीय के विद्यार्थियों ने भी नृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में उत्साह बढ़ाया।
‘तिरंगा अभिव्यक्ति’ में बच्चों ने उकेरी देशभक्ति
कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों के लिए ‘तिरंगा अभिव्यक्ति’ चित्रकला गतिविधि भी आयोजित की गई। बच्चों ने केसरिया, सफेद और हरे रंगों के माध्यम से कागज पर राष्ट्रप्रेम की भावनाओं को उकेरा। बच्चों की बनाई तस्वीरों में राष्ट्रीय ध्वज, भारत की विविधता और देश के प्रति प्रेम की झलक देखने को मिली। गतिविधि के जरिए विद्यार्थियों को रचनात्मकता के साथ राष्ट्रीय भावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।
नन्हे-मुन्नों ने मनाया तीज का त्योहार
कार्यक्रम के साथ छोटे बच्चों ने तीज का त्योहार भी पारंपरिक अंदाज में मनाया। विद्यार्थियों ने मेहंदी लगाई, झूला झूला और पारंपरिक खान-पान का आनंद लिया। इससे कार्यक्रम में देशभक्ति के साथ भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की भी झलक देखने को मिली।
प्रधानाचार्या ने दिया एकता और कर्तव्य का संदेश
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पारुल भारद्वाज ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के मूल्यों को समझने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया। देशभक्ति गीतों, भाषण, नृत्य, चित्रकला और पारंपरिक तीज उत्सव के संगम ने विद्यालय परिसर को राष्ट्रप्रेम और भारतीय संस्कृति के रंग में रंग दिया।

