पलवल में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया और सफाई अभियान की शुरुआत की। खुद झाड़ू लगाकर लोगों से स्वच्छता में भागीदारी की अपील की।
Palwal (Sanjeev) 20 June 2026|केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शनिवार को पलवल में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो अहम अभियानों की शुरुआत की। उन्होंने आलापुर स्थित महाराजा अग्रसेन भवन के समीप “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया और इसके बाद सेक्टर-2 के क्लॉक टावर के पास सफाई अभियान का शुभारंभ किया।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और आमजन से भी शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए बुकलेट भी वितरित की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक दीपक मंगला, होडल विधायक हरेंद्र सिंह, नगर परिषद चेयरमैन डॉ. यशपाल और डीएमसी पलवल मनीषा शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
अपने संबोधन में कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने देश को विकास, विश्वास और जनकल्याण के रास्ते पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत आर्थिक रूप से अधिक मजबूत हुआ है और वैश्विक स्तर पर देश की साख भी बढ़ी है।
उन्होंने दावा किया कि इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और रक्षा उत्पादन जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। देश में हाईवे नेटवर्क का विस्तार हुआ है, मेडिकल कॉलेजों और एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ी है तथा रेलवे का व्यापक विद्युतीकरण किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिनमें जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण प्रमुख हैं। इसके साथ ही काशी, केदारनाथ और महाकाल मंदिरों के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कर व्यवस्था में बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि नई टैक्स प्रणाली के तहत 12 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स में राहत दी गई है, जिससे आम लोगों को फायदा मिल रहा है।
अंत में उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और देश की सुरक्षा व आर्थिक मजबूती दोनों ही मजबूत हाथों में हैं।

