पलवल में मुख्यमंत्री उड़न दस्ता और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध क्लीनिक पर छापा मारकर बिना वैध अनुमति गर्भपात की दवाएं बेचने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कराई। मौके से प्रतिबंधित दवाएं भी बरामद की गई
पलवल (Sanjeev rathor) | हरियाणा के पलवल में मुख्यमंत्री उड़न दस्ता (CM Flying) और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित अवैध क्लीनिक पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को बिना वैध अनुमति गर्भपात की दवाएं बेचने और बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के क्लीनिक संचालित करने के आरोप में पकड़कर उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री उड़न दस्ता, फरीदाबाद को गुप्त सूचना मिली थी कि पलवल के इस्लामाबाद उर्फ ईश्वर नगर क्षेत्र में सरकारी स्कूल के निकट संचालित एक क्लीनिक पर बिना अनुमति गर्भपात से संबंधित दवाएं बेची जा रही हैं। सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग और मुख्यमंत्री उड़न दस्ता की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
टीम ने कार्रवाई से पहले एक डिकॉय (बोगस) ग्राहक तैयार किया। उसे पहले से चिन्हित राशि देकर संबंधित क्लीनिक पर भेजा गया। आरोप है कि क्लीनिक में मौजूद व्यक्ति ने बिना किसी वैध डॉक्टर की पर्ची मांगे गर्भपात से संबंधित दवाएं उपलब्ध कराईं और उनका उपयोग करने का तरीका भी बताया। इसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारकर क्लीनिक में मौजूद व्यक्ति को पुलिस की सहायता से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान हरिओम निवासी पलवल के रूप में बताई। टीम ने डिकॉय ग्राहक से लिए गए रुपये भी मौके से बरामद किए।
स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ थाना कैंप, पलवल में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोग भी इसमें शामिल थे या नहीं।
नोट: यह मामला स्वास्थ्य विभाग और मुख्यमंत्री उड़न दस्ता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत तथा प्रारंभिक कार्रवाई पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि और अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।
