पलवल में डीआईपीआरओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पत्रकारों ने जिला सचिवालय के बाहर सांकेतिक धरना दिया। पत्रकारों ने 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
–
पलवल (SHOYAB) जिला जनसंपर्क अधिकारी (डीआईपीआरओ) के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को पलवल के पत्रकारों ने जिला सचिवालय के समीप सांकेतिक धरना दिया। धरने पर बैठे पत्रकारों ने आरोप लगाया कि 30 जून को औरंगाबाद गांव में आयोजित जिला प्रशासन के रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार ने वरिष्ठ पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किया, पत्रकारिता के कार्य में बाधा डाली तथा मोबाइल कैमरा छीनने और तोड़ने का प्रयास किया।
पत्रकारों का कहना है कि घटना के तुरंत बाद इसकी शिकायत जिला उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर और पुलिस अधीक्षक को दी गई थी। इसके बाद पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कई जनप्रतिनिधियों को भी सौंपा गया ज्ञापन
पत्रकारों ने बताया कि मामले को लेकर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, होडल विधायक हरेंद्र सिंह, पृथला विधायक टेकचंद शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर तथा मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली को भी ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।
13 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर धरना
धरने पर मौजूद पत्रकारों का कहना था कि घटना को 13 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी के विरोध में पत्रकारों ने सांकेतिक धरना दिया और कहा कि जब तक दोषी अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
धरने को कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने समर्थन दिया। इस दौरान फरीदाबाद, पलवल, होडल और नूंह के पत्रकार भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
72 घंटे का अल्टीमेटम
धरने के दौरान पत्रकारों ने प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि डीआईपीआरओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई नहीं की गई तो अगले दिन भी सुबह 10 बजे से जिला सचिवालय के समीप धरना जारी रहेगा और आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
धरने में राजकुमार भाटिया, संजीव राठौर, वीरेंद्र भारद्वाज, गुरुदत्त गर्ग, सौरभ वर्मा, विनोद शर्मा, सतबीर शर्मा, योगेश शर्मा, महेश बड़गूजर, अमित चौधरी सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
