पलवल ( संजीव राठौर) 25 मई 2026|पलवल क्षेत्र के युवाओं और बेहतर शिक्षा की उम्मीद लगाए बैठे परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। पिछले करीब 10 वर्षों से बंद पड़ा पलवल का नर्सिंग कॉलेज अब इसी शैक्षणिक सत्र से दोबारा शुरू होने जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण पहल के पीछे डॉ. हरित बैसला (पूर्व प्रत्याशी) की लगातार कोशिशें रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर कॉलेज की जमीनी स्थिति से अवगत कराया, जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
डॉ. बैसला ने बताया कि यह उनकी मुख्यमंत्री से इस मुद्दे पर चौथी मुलाकात थी। इस दौरान उन्होंने कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर चिंता जताई और हॉस्टल में बेड, क्लासरूम में बेंच, बोर्ड सहित अन्य आवश्यक संसाधन जल्द उपलब्ध कराने की मांग रखी, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अधिकारियों को सख्त निर्देश, काम शुरू
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। आदेशों के बाद कॉलेज परिसर में CMO ऑफिस की शिफ्टिंग का कार्य भी तेजी से शुरू हो चुका है।
डॉ. हरित बैसला का बयान
डॉ. बैसला ने कहा कि जब नीयत साफ हो और प्रयास सच्चे हों, तो व्यवस्था को बदलना ही पड़ता है। यह सिर्फ एक कॉलेज का खुलना नहीं, बल्कि पलवल के हर उस परिवार की जीत है जो अपने बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा का सपना देखता है। उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

नर्सिंग कॉलेज के दोबारा शुरू होने से पलवल और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को अब बेहतर शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह कदम क्षेत्र के शिक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
