पलवल के हसनपुर स्थित उपकार मंडल द्वारा आयोजित 35वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 42 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विशेषज्ञों ने नियमित रक्तदान के लाभ बताए।

पलवल (SHOYAB) 19 जुलाई 2026 पलवल जिले के हसनपुर स्थित उपकार मंडल (रजिस्टर्ड एनजीओ) के प्रांगण में रविवार को 35वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराना और युवाओं को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा। उपकार मंडल वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है।
रक्त संग्रह की जिम्मेदारी सरकारी अस्पताल पलवल के “अपना ब्लड बैंक” की टीम ने संभाली। शिविर में महिला एवं पुरुष रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 42 यूनिट रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चिकित्सक डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु, 45 किलोग्राम से अधिक वजन और कम से कम 12.5 ग्राम हीमोग्लोबिन वाला कोई भी स्वस्थ व्यक्ति सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है और नियमित स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिए बेहद आवश्यक है।
मुख्य अतिथि चौधरी रॉकी तंवर ने युवाओं से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान केवल किसी की जान बचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए, ताकि जरूरत के समय किसी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम के दौरान चौधरी रामशरण डराना, दिनेश कुमार यादव, पूर्व मुख्याध्यापक खजान सिंह, उपकार हाई स्कूल के हेडमास्टर सत्यदेव सिंह, गिरिराज सिंह, सुनील कुमार, नरेश कुमार सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
उपकार मंडल के संस्थापक यात्री जी ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि समाज में सेवा और मानवता की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके।
