पलवल के हथीन क्षेत्र के उटावड़, झांडा, मालूका और रूपड़ाका समेत कई गांवों में बिजली संकट गहराया। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों ने प्रशासन से समाधान की मांग की।
हथीन (वसीम अकरम) 8 June 2026 । भीषण गर्मी के बीच हथीन उपमंडल के करीब एक दर्जन गांवों में बिजली संकट गहराता जा रहा है। उटावड़, झांडा, मालूका, रूपड़ाका सहित आसपास के कई गांवों के लोग पिछले एक सप्ताह से अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। लगातार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, दिन और रात दोनों समय बिजली की लगातार कटौती हो रही है। गर्मी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की परेशानी कई गुना बढ़ गई है। कई इलाकों में लोगों को घंटों बिना बिजली के रहना पड़ रहा है, जिससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ पेयजल की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पर्याप्त नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि कई बार हथीन पावर हाउस से ही पर्याप्त बिजली नहीं छोड़ी जाती, जबकि बिजली उपलब्ध होने की स्थिति में भी लाइनमैनों की लापरवाही और मनमानी के कारण आपूर्ति बाधित रहती है। विशेषकर रात के समय बिजली व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे छोड़ दी जाती है, जिससे लोगों को घंटों तक अंधेरे में रहना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। लगातार उपेक्षा के कारण लोगों में विभाग के खिलाफ भारी रोष देखने को मिल रहा है।
क्षेत्रवासियों ने स्थानीय विधायक चौधरी इसराईल और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि भीषण गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।

पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या गंभीर बनी हुई है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में हमने बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत करा दिया है और स्थानीय विधायक से भी बातचीत हुई है। अधिकारियों और विधायक द्वारा जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है। यदि इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होता है, तो हम मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर शिकायत करेंगे, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।”
— तारीफ हफीज, सरपंच

“भीषण गर्मी के इस दौर में लगातार बिजली कटौती ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। हम प्रशासन और बिजली विभाग से मांग करते है कि समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्र के लोगों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करेंगे।”
— अंसार उटावड़, सोशल एक्टिविस्ट
