Oplus_16908288
पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने से दो लोगों की मौत हो गई। कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका के बीच NDRF, दमकल और पुलिस की टीमें राहत-बचाव अभियान में जुटी हैं।
दिल्ली (DESK) 5 NOV 26| दिल्लीके चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हादसा पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा और शीश महल इलाके में हुआ। गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे इमारत गिरने की सूचना दमकल विभाग को मिली थी। बताया जा रहा है कि इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान उसका एक हिस्सा ढह गया और मलबा आसपास गिर पड़ा।
इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की सूचना सामने आई है। कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है। शुरुआती रिपोर्टों में करीब छह लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, फंसे हुए लोगों की अंतिम संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना के बाद दमकल विभाग की छह यूनिट मौके पर तैनात की गईं। पुलिस और NDRF की टीम भी मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी है। राहतकर्मी सावधानीपूर्वक मलबा हटाकर संभावित जीवित लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
है।फिलहाल इमारत गिरने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। निर्माण कार्य के दौरान किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ, इसकी जांच की जाएगी। अधिकारियों की ओर से घटनास्थल की स्थिति और राहत-बचाव अभियान से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। यह घटना एक बार फिर पुरानी दिल्ली जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में निर्माणाधीन और पुरानी इमारतों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को उपचार उपलब्ध कराने की है।

