पलवल पुलिस ने अक्टूबर में 456 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। नशा, अवैध हथियार, शराब, जुआ और चोरी के मामलों में बड़ी बरामदगी का दावा।
पलवल (SHOYAB) 3 NOV 26 | पलवल में अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का आंकड़ा सामने आया है। पुलिस के अनुसार, अक्टूबर 2026 के दौरान जिले में चलाए गए विशेष अभियान में अलग-अलग आपराधिक मामलों में वांछित कुल 456 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 3 इनामी बदमाश, 9 घोषित अपराधी (PO) और 14 बेल जंपर भी शामिल हैं। पुलिस ने इस दौरान नशा तस्करी, अवैध हथियार, शराब तस्करी, जुआ-सट्टा और चोरी के मामलों में भी कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सामान और नकदी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्ज और विशेष यूनिटों को अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी अभियान के तहत अक्टूबर महीने में अलग-अलग मामलों में गिरफ्तारियां की गईं।
पुलिस के अनुसार, अक्टूबर महीने में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ 6 मामले दर्ज किए गए। आरोपियों के कब्जे से 29.390 ग्राम स्मैक, 59.190 ग्राम हेरोइन, 400 ग्राम गांजा और नशीले पदार्थों के 24,000 कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थों की कीमत लाखों रुपये बताई है। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ अलग-अलग थानों में 17 मामले दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से 10 पिस्टल, 12 देसी कट्टे, एक गन, एक बंदूक, 25 कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा दो कुल्हाड़ी और एक फरसा भी बरामद हुआ।
जुआ और सट्टा खाईवाली के मामलों में पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस संबंध में 4 मामले दर्ज किए गए और आरोपियों के कब्जे से कुल 31,990 रुपये की नकदी बरामद की गई। पलवल पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ विभिन्न थानों में 4 मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 382.5 बोतल देशी शराब और 13 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद करने की जानकारी दी है।
पुलिस के अनुसार, अक्टूबर के दौरान चोरी और घरों में सेंधमारी से जुड़े 5 मामलों को सुलझाते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनसे 3.35 लाख रुपये से अधिक की नकदी, सामान और आभूषण बरामद किए गए।वहीं, वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 5 मोटरसाइकिल बरामद कीं। पुलिस इन मामलों में आगे की जांच भी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने कहा कि पलवल जिले में किसी भी तरह के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों, CIA स्टाफ, नारकोटिक्स सेल और PO स्टाफ को वांछित आरोपियों की धरपकड़ के अभियान में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। SP ने आमजन से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को नशा तस्करी, अवैध हथियार, शराब या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वह नजदीकी पुलिस थाना, चौकी, विशेष यूनिट, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना दे सकता है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अक्टूबर महीने के इन आंकड़ों के बाद अब पुलिस का जोर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी और जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने पर रहेगा।

