Oplus_16908288
दिल्ली के हरिनगर स्थित राजकीय सर्वोदय (सह शिक्षा) विद्यालय में मिड-डे मील के कंटेनर में मरी हुई छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में किसी छात्र की तबीयत खराब होने की सूचना नहीं है।

नई दिल्ली (SHOYAB)दिल्ली के हरिनगर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय सर्वोदय (सह शिक्षा) विद्यालय में मिड-डे मील से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्कूल में बच्चों को परोसने के लिए लाए गए भोजन के एक कंटेनर में मरी हुई छिपकली मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे की है। स्कूल में मूनलाइट नामक एनजीओ द्वारा मिड-डे मील की आपूर्ति की गई थी। प्राथमिक कक्षाओं के लिए चावल और चना दाल के चार सीलबंद कंटेनर स्कूल प्रशासन को सौंपे गए, जिन्हें नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर रखा गया।
घटना वाले दिन विद्यालय में स्पोर्ट्स एवं कल्चरल इंचार्जों की वार्षिक जोनल बैठक और पौधारोपण अभियान का आयोजन भी किया गया था। इस दौरान शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी स्कूल में मौजूद थे। अधिकारियों और स्कूल की मिड-डे मील समिति के सदस्यों की मौजूदगी में भोजन की जांच और टेस्टिंग के दौरान एक कंटेनर में मरी हुई छिपकली दिखाई दी।
घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने तत्काल संबंधित अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि भोजन में छिपकली कैसे पहुंची।
राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी छात्र की तबीयत खराब होने की सूचना सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
