हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। 17 जुलाई को पीएम मोदी भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम पूरी तरह इको-फ्रेंडली होगा।

जींद | (SHOYAB) 16 जुलाई हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को जींद पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रधानमंत्री शुक्रवार को जींद से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के सभी कार्यक्रम पूरी तरह इको-फ्रेंडली तरीके से आयोजित किए जाएंगे।
रेलवे स्टेशन और विश्वविद्यालय में तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री सबसे पहले चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने जींद रेलवे स्टेशन पहुंचकर हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वीआईपी और आम नागरिकों की प्रवेश व्यवस्था, एग्जीक्यूटिव लाउंज, कैफेटेरिया, रेलवे ट्रैक और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर और बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘विकसित भारत–विकसित हरियाणा’ रैली की भी परखी तैयारियां
रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने एकलव्य स्टेडियम के सामने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) मैदान में आयोजित होने वाली ‘विकसित भारत–विकसित हरियाणा’ रैली की तैयारियों की भी समीक्षा की।
उन्होंने आमजन के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा और पेयजल सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों।
इको-फ्रेंडली होगा प्रधानमंत्री का पूरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जींद में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभी कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इको-फ्रेंडली बनाए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम के प्रत्येक चरण में स्वच्छता और पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, महानिदेशक के.एम. पांडुरंग, उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा हांसी विधायक विनोद भ्याणा, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रामपाल सैनी, भाजपा नेता जवाहर लाल सैनी और अन्य गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
ऐतिहासिक होगा 17 जुलाई का दिन
17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह परियोजना भारतीय रेलवे के लिए स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है और इससे हरित तकनीक को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
